
आसनसोल : दक्षिण बंगाल के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फोसबेकी) ने पश्चिम बर्दवान जिले के प्रमुख शहरों – आसनसोल, रानीगंज, कुल्टी, जमुरिया और बराकर – में फुटपाथों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण को लेकर गहरी चिंता जताई है। फोसबेकी के अध्यक्ष सचिन रॉय ने इस विषय में जिला मजिस्ट्रेट एस. पोन्नंबलम और आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि इन औद्योगिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों की मुख्य सड़कों के फुटपाथों पर अवैध दुकानदारों का कब्जा हो गया है, जिससे पैदल चलने वाले नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोगों को व्यस्त सड़कों पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
संगठन का कहना है कि यह अवैध अतिक्रमण न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि इससे शहर की प्रगति, यातायात व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। बाहर से आने वाले व्यापारी भी इस अराजक व्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

फोसबेकी ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई कर अवैध अतिक्रमणकारियों को हटाने का अनुरोध किया है। साथ ही यह सुझाव भी दिया गया है कि फुटपाथ विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक स्थान निर्धारित किया जाए, जिससे उनका रोजगार भी सुरक्षित रहे और शहर का सुचारु संचालन भी बना रहे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व नगर निगम ने आसनसोल के व्यस्ततम क्षेत्र होटन रोड से अवैध कब्जों को हटाने की योजना बनाई थी। दुकानदारों को हटने का समय भी दिया गया था और उस क्षेत्र में बड़ा नाला निर्माण प्रस्तावित था। लेकिन अंतिम समय में बेदखली अभियान रोक दिया गया, जिससे नाला निर्माण की योजना स्थगित हो गई।
फोसबेकी ने इस पूरे मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और ठोस कार्रवाई की उम्मीद जताई है, ताकि शहर की सुंदरता, सुरक्षा और आर्थिक विकास को सुनिश्चित किया जा सके।














Users Today : 46
Users Yesterday : 14