
बांकुड़ा : सात वर्षीय मासूम अयान बाउरी, जो बांकुड़ा जिले के बारोजोरा प्रखंड के बेलियातोर पश्चिम पाड़ा का निवासी है, इन दिनों जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है। अयान की एक किडनी पूरी तरह खराब हो चुकी है और डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी की सलाह दी है। लेकिन आर्थिक तंगी उसके इलाज में सबसे बड़ी बाधा बन गई है। गरीब बाउरी दंपत्ति – प्यू और उनके पति – लंबे समय से अयान का इलाज कराने की कोशिश कर रहे हैं। 2019 में अयान को अचानक तेज बुखार हुआ, जिसके बाद उसे स्थानीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया और फिर बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज होते हुए कोलकाता के एनआरएस अस्पताल भेजा गया।

वहां जांच के बाद किडनी की बीमारी की पुष्टि हुई। इलाज कुछ दिन चला, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान इलाज रुक गया और आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो गई। 2023 में जैसे-तैसे कुछ पैसे जमा कर अयान को कोलकाता ले जाया गया, जहां बी. सी. रॉय अस्पताल में इलाज के बाद वह कुछ समय के लिए ठीक हो गया। लेकिन हाल ही में फिर से पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद जब उसे अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने बताया कि उसकी एक किडनी काम नहीं कर रही और सर्जरी जरूरी है। अयान को बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले महीने के भीतर सर्जरी करने को कहा गया है।

लेकिन लाखों रुपये की लागत उनके लिए असहनीय है। अब परिवार और पड़ोसी मदद की अपील कर रहे हैं। प्यू बाउरी की अपील है कि यदि कोई दयालु व्यक्ति आर्थिक मदद करना चाहे तो वह उनके बेटे की जान बचा सकता है। मदद के इच्छुक लोग 8158073454 पर संपर्क कर सकते हैं। मासूम अयान को जीने का हक दिलाने में समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी उम्मीद है।















Users Today : 43
Users Yesterday : 14