
आसनसोल : पावन ईद-उल-अजहा के अवसर पर राज्य के कानून मंत्री मलय घटक ने शनिवार को आसनसोल नगर के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का दौरा कर नमाजियों से मुलाकात की और उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और भाईचारे का प्रतीक है, जिसे सभी धर्मों के लोगों को मिलकर मनाना चाहिए।

मंत्री घटक ईदगाह मैदान पहुंचे, जहां नमाज अदा करने के बाद उन्होंने स्थानीय मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें अपने अंदर सेवा, त्याग और मानवता की भावना को प्रबल करने की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने सभी से शांति, सद्भाव और एकजुटता के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

ईद को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन से निगरानी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अव्यवस्था से बचा जा सके। इस अवसर पर डीआईजी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय रूप से उपस्थित थे। उन्होंने आमजन से सजग रहने और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

मंत्री मलय घटक के साथ कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने मस्जिदों और मुस्लिम मोहल्लों में जाकर लोगों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और उनके साथ त्योहार की खुशी साझा की। इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहते हुए इसे धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।

ईद के इस मौके पर विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने भी कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिनमें हर धर्म व वर्ग के लोगों ने भाग लेकर आपसी एकता का परिचय दिया। इस पहल ने सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत किया और बताया कि बंगाल की गंगा-जमुनी तहजीब आज भी जीवित है।














Users Today : 40
Users Yesterday : 14