
आसनसोल : आसनसोल के जुबली मोड़ से लेकर बर्नपुर स्कोप गेट तक की जर्जर सड़क स्थिति को लेकर आखिरकार जनता का आक्रोश फूट पड़ा है। लंबे समय से सड़क मरम्मत को लेकर प्रशासन की चुप्पी और लापरवाही के खिलाफ अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मोर्चा खोलते हुए आंदोलन की शुरुआत कर दी है।
मंगलवार को भाजपा नेता कृष्णेन्दु मुखर्जी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और जनमत संग्रह अभियान चलाया। इस अभियान के तहत राहगीरों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से सड़क की वर्तमान स्थिति पर राय ली गई। अभियान में शामिल भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लिए आम लोगों से संवाद करते हुए सड़क की बदहाली पर समर्थन मांगते नजर आए।

कृष्णेन्दु मुखर्जी ने मीडिया से कहा, “हमने पहले ही जिला प्रशासन और राज्य सरकार को अल्टीमेटम दे दिया था। लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब हमने आंदोलन की राह चुनी है। यह सिर्फ एक शुरुआत है, आने वाले दिनों में जनता को साथ लेकर यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।”

स्थानीय लोगों ने भी भाजपा की इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह गड्ढे, उड़ती धूल और निर्माण कार्य की धीमी गति ने आम नागरिकों का जीवन दूभर कर दिया है। बारिश के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस मार्ग पर रोजाना हज़ारों लोग यात्रा करते हैं, जिनमें स्कूल जाने वाले बच्चे, बुज़ुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
सड़क के किनारे बसे व्यापारियों का कहना है कि धूल और कीचड़ के कारण उनके व्यापार पर भी असर पड़ा है। दुकानों में ग्राहक आना कम हो गए हैं, और कई बार ग्राहक गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन, धरना, जुलूस और राज्य सरकार के खिलाफ खुला जन आंदोलन शुरू करने की योजना बना रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक सड़क की मरम्मत का काम शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनता से अपील की है कि वे अपने अधिकार के लिए आवाज़ बुलंद करें और इस जन आंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि सड़क किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है और उसकी सुरक्षा, मरम्मत और देखरेख की जिम्मेदारी सरकार की है, जिसे वह अब तक निभाने में असफल रही है।
फिलहाल प्रशासन की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन भाजपा के इस जन आंदोलन से सड़क मुद्दा राजनीतिक रूप से गरमाने की संभावना है।














Users Today : 36
Users Yesterday : 14