
दुर्गापुर : पश्चिम बर्धमान जिले के कोकोवाने थाना अंतर्गत तेनतुलतला कॉलोनी से सटे दामोदर फीडर नहर में गुरुवार सुबह एक ठेका कर्मी का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अर्जुनपुर निवासी 32 वर्षीय पार्थ बाउरी के रूप में की गई है, जो पेशे से एक निजी कंपनी में ठेका कर्मचारी था।
स्थानीय निवासियों ने सुबह नहर के पानी में एक शव को तैरते देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोकोवाने थाना पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला और दुर्गापुर उपमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शव पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पार्थ बाउरी एक शांत स्वभाव का मेहनती युवक था और उसकी किसी से दुश्मनी जैसी कोई बात नहीं थी। अचानक उसकी मौत से पूरा मोहल्ला सदमे और आशंका में है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह दुर्घटनावश डूबने का मामला है या फिर किसी साजिश का परिणाम।
फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई उजागर हो सके।














Users Today : 20
Users Yesterday : 14