
अंडाल : कांकसा ब्लॉक अंतर्गत मोल्लापाड़ा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की ज़मीन पर रातों-रात अवैध रूप से पक्की दुकानों का निर्माण होने से हड़कंप मच गया है। इस मामले को लेकर कांकसा ग्राम पंचायत के सदस्य और विपक्ष के नेता आनंद कुमार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) व प्रशासन को लिखित शिकायत देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
आनंद कुमार का आरोप है कि बीते कुछ दिनों में सरकारी जमीन पर बिना अनुमति के कई पक्की दुकानें बना दी गई हैं। उन्होंने यह सवाल उठाया है कि जब यह ज़मीन लोक निर्माण विभाग के अधीन है, तो इन दुकानों का निर्माण किसकी अनुमति से और किसके द्वारा कराया गया? साथ ही उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि क्षेत्रीय पंचायत प्रशासन इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है।

उन्होंने कहा कि मोल्लापाड़ा से सटे जिन स्थानों पर यह अवैध निर्माण हुआ है, वह क्षेत्र कांकसा ग्राम पंचायत के उप प्रधान नसीम हैदर मल्लिक का है। इसके बावजूद अब तक किसी तरह की कोई आपत्ति या कार्रवाई क्यों नहीं की गई? आनंद कुमार ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
वहीं दूसरी ओर, उप प्रधान नसीम हैदर मल्लिक ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्षी नेता स्वयं कई बार उस रास्ते से गुजरे हैं, लेकिन पहले उन्होंने कोई आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने निर्माण का विरोध किया था, तो स्थानीय लोगों ने पंचायत को हस्तक्षेप न करने की बात कहकर उन्हें डांट दिया था।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आनंद कुमार की ओर से लिखित शिकायत मिलती है, तो पंचायत इस पर उचित कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत प्रशासन किसी भी अवैध कब्जे को सहन नहीं करेगा।














Users Today : 20
Users Yesterday : 14