
बर्नपुर : एक समय चहल-पहल से भरे रहने वाले बर्नपुर टाउनशिप का माहौल अब पूरी तरह बदल गया है। खाली पड़े क्वार्टरों और वीरान इलाकों में अब नशा करने वालों का जमावड़ा लगने लगा है। स्थिति यह हो गई है कि लोग अब दिन के उजाले में भी इन इलाकों से गुजरने से कतराते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारी मैदान से अस्पताल के बीच के पुराने क्वार्टर और सिनेमा हॉल के पास शाम होते ही नशेड़ी इकट्ठा हो जाते हैं। इससे न केवल माहौल बिगड़ता है, बल्कि राहगीरों को भी असुविधा होती है। लोग बताते हैं कि एसबीआई बैंक जैसे जरूरी स्थानों पर पहुंचने के लिए भी लोग अब मुख्य सड़क का चक्कर काटते हैं, क्योंकि क्वार्टर वाले रास्ते पर जाने में डर महसूस होता है।
इस बीच चोरी और छिनतई की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। बीते शनिवार को सेल आईएसपी के सेनेटरी विभाग में चोरों ने ताले तोड़कर सामान चुरा लिए और कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी गायब करने की कोशिश की। इसके कुछ ही दिन पहले बर्नपुर अस्पताल में भी चोरी की घटना घटी थी।

सबसे चौंकाने वाली घटना तब हुई, जब बर्नपुर अस्पताल की एक महिला चिकित्सक से दिनदहाड़े फुटबॉल ग्राउंड के पास एक युवक ने मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। इन घटनाओं से स्थानीय निवासियों में दहशत बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वीरान क्वार्टरों में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं, जिससे असामाजिक तत्व वहां पनाह ले रहे हैं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी अभियान जारी है। वहीं सेल आईएसपी के अधिकारी भी मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की बात कह रहे हैं।
स्थानीय जनता की मांग है कि खाली क्वार्टरों को हटाया जाए या सील किया जाए, ताकि नशेड़ी और अपराधी वर्ग का अड्डा खत्म हो सके और टाउनशिप की पुरानी सुरक्षा और शांति वापस लौट सके।














Users Today : 20
Users Yesterday : 14