
दुर्गापुर : पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर शहर से एक नौंवी कक्षा की छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है, जिसने इलाके के लोगों को चिंता में डाल दिया है। छात्रा की पहचान रूपा कुमारी (14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सीआरपीएफ केंद्रीय विद्यालय की छात्रा है। वह एनआईटी दुर्गापुर गेट नंबर-7 के पास झुग्गी बस्ती में अपने परिवार के साथ रहती है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर को रूपा कुमारी घर से कुछ सामान खरीदने निकली थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी। जब देर शाम तक उसका कोई अता-पता नहीं चला, तो परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, परन्तु उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद छात्रा के पिता सिकंदर पासवान, जो एनआईटी दुर्गापुर में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत हैं, और माता सुनीता देवी ने दुर्गापुर थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

रूपा के पड़ोसियों ने बताया कि वह बहुत ही शालीन और पढ़ाई में होनहार छात्रा है। वह ज्यादातर समय घर पर पढ़ाई में ही व्यस्त रहती थी और उसकी कोई संदिग्ध गतिविधि भी नहीं थी।
लोगों का कहना है कि रूपा के अचानक गायब हो जाने से कहीं न कहीं अपहरण की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रमाण पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी छात्रा की खोजबीन की जा रही है।
छात्रा के लापता होने की खबर सुनकर इलाके में चिंता और भय का माहौल है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही रूपा सकुशल घर लौट आए। वहीं, परिजन पुलिस से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।














Users Today : 13
Users Yesterday : 14