
अंडाल : पूर्व बर्धमान जिले के ईसीएल केंदा क्षेत्र अंतर्गत सिदुली कोलियरी में एक चौंकाने वाली घटना में ईसीएल के सुरक्षा अधिकारी कौशिक भट्टाचार्य पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि अवैध कोयला उत्खनन में बाधा डालने पर बदमाशों ने अधिकारी की बेरहमी से पिटाई की। घटना के बाद इलाके में आतंक और आक्रोश का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार, सिदुली कोलियरी क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से अवैध रूप से कोयला खनन का काम तेजी से चल रहा था। साथ ही, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ईसीएल के सरकारी क्वार्टरों पर भी कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। जैसे ही सुरक्षा अधिकारी कौशिक भट्टाचार्य को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने इस अवैध गतिविधि का विरोध किया और सक्रिय भूमिका निभाई।

जब कौशिक भट्टाचार्य दोपहर का भोजन करने इलाके के एक होटल में पहुँचे, उसी दौरान कुछ उत्खनन से जुड़े बदमाश वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इन बदमाशों ने पहले तो कौशिक बाबू को धमकाया और गाली-गलौज की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्होंने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया।इसके बाद लगभग चार लोगों ने मिलकर कौशिक भट्टाचार्य पर लाठी, लोहे की रॉड और मुक्कों से हमला कर दिया। बुरी तरह घायल होने के बाद उन्हें तत्काल ईसीएल के कल्ला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।मंगलवार को मोबाइल पर बातचीत में कौशिक भट्टाचार्य ने कहा, “मैंने सिर्फ कंपनी की संपत्ति और खदान की रक्षा की कोशिश की थी। लेकिन बदमाशों ने इसका बदला लेने के लिए मुझ पर हमला किया।”घटना के संबंध में सिदुली कोलियरी के एजेंट पीके वर्मा ने अंडाल थाने में पुरुषोत्तम गोस्वामी उर्फ बोंगा और अरुण साव सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।इस हमले से कोलियरी क्षेत्र में काम करने वाले अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में भी भय और असुरक्षा की भावना फैल गई है। ईसीएल प्रबंधन ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, संबंधित आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि अगर समय रहते अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो ऐसी घटनाएं आगे और बढ़ सकती हैं। सभी ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि क्षेत्र में फिर से शांति और कानून व्यवस्था बहाल हो सके।














Users Today : 11
Users Yesterday : 14