
आसनसोल : चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आसनसोल जिला एवं मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को केंद्र सरकार द्वारा एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड), लक्ष्य और मुस्कान सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। यह सर्टिफिकेट स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मूलभूत चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर मानकों पर खरा उतरने वाले अस्पतालों को प्रदान किया जाता है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में अस्पताल में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता अस्पताल के सुपर डॉक्टर निखिल चंद्र दास ने की। उन्होंने अस्पताल के सभी स्थायी-अस्थायी कर्मियों, बिजली विभाग, पीडब्ल्यूडी, साउथ थाना पुलिस और अन्य सहयोगी विभागों को सम्मानित किया। डॉ. दास ने कहा कि यह उपलब्धि केवल अस्पताल के डॉक्टरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सभी विभागों और कर्मचारियों का समान योगदान है। उन्होंने कहा कि इस सफलता में अस्पताल से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका अहम है और यही कारण है कि सभी को इस सम्मान का भागीदार बनाया गया।
इस अवसर पर पश्चिम बर्धमान जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी, डॉक्टर यूनुस ने भी अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने जिला अस्पताल की इस उपलब्धि को “विशाल उपलब्धि” करार देते हुए अस्पताल में दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं में भी निरंतर सुधार हो रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। डॉक्टर यूनुस ने इस सफलता के लिए अस्पताल के सुपर डॉक्टर निखिल चंद्र दास और पूरे कर्मी दल की सराहना की।
डॉ. यूनुस ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि अस्पताल को अब आईपीएचसी (इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ सर्टिफिकेट) प्राप्त करने के लिए प्रयासरत होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने सभी कर्मियों को सलाह दी कि वे अस्पताल की सेवाओं और मानकों को निरंतर ऊंचा बनाए रखें, ताकि यह सम्मान बरकरार रह सके।

डॉ. दास और डॉ. यूनुस ने संयुक्त रूप से इस बात पर जोर दिया कि एनक्यूएएस, लक्ष्य और मुस्कान सर्टिफिकेट तीन वर्षों के लिए मान्य हैं। इस अवधि में अस्पताल से जुड़े हर व्यक्ति का यह कर्तव्य होगा कि वे इन मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहें।
सम्मान समारोह के दौरान अस्पताल में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। इस उपलब्धि ने न केवल चिकित्सा क्षेत्र में आसनसोल का मान बढ़ाया है, बल्कि समर्पित सेवाओं के लिए अस्पताल को नई दिशा और प्रेरणा भी प्रदान की है।















Users Today : 22
Users Yesterday : 23