
आसनसोल : अवैध निर्माण और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी ही पार्टी में आवाज उठाना तृणमूल कांग्रेस के पार्षद रणवीर सिंह बरार को भारी पड़ गया है। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 41 के पार्षद रणवीर सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तृणमूल जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस पत्र में जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि रणवीर सिंह पार्टी के विकास कार्यों में सहयोग न देकर असहयोग कर रहे हैं और यहां तक कि पार्टी के मेयर बिधान उपाध्याय के कार्यों में भी बाधा डाल रहे हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि पार्षद रणवीर सिंह ने न केवल विकास कार्यों में सहयोग से मना किया, बल्कि मीडिया में भी नगर निगम और पार्टी की नीतियों के खिलाफ टिप्पणियां की हैं, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचा है। जिला अध्यक्ष ने पार्षद से 24 घंटे के भीतर इस आचरण के लिए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
इस शोकॉज नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्षद रणवीर सिंह बरार ने कहा कि वह जिला अध्यक्ष को जवाब देंगे, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई पार्टी विरोधी कार्य नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वह ममता बनर्जी के सच्चे सैनिक हैं और पार्टी के प्रति समर्पित रहते हुए अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं। रणवीर सिंह ने आगे कहा कि उनके खिलाफ जारी नोटिस में उनके पगड़ी को लेकर कुछ पार्षदों द्वारा किए गए अपमानजनक व्यवहार और टिप्पणी की अनदेखी की गई है। उन्होंने यह भी प्रश्न उठाया कि जिला अध्यक्ष और चेयरमैन इस मामले में क्या कदम उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल के कुछ पार्षदों द्वारा की गई इन टिप्पणियों से उनकी गरिमा को ठेस पहुंची है, और यह पार्टी की अनुशासनहीनता का प्रमाण है।

पार्षद रणवीर सिंह ने यह भी बताया कि उनके वार्ड में विकास के लिए मेयर बिधान उपाध्याय ने सबसे अधिक धनराशि का आवंटन किया है, लेकिन उन्होंने हमेशा अवैध निर्माण और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है। उनकी सक्रियता के कारण नगर निगम को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, और यह देखकर मेयर भी अब इस दिशा में कदम उठा रहे हैं।
उन्होंने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि वह हमेशा से पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के पक्षधर रहे हैं और उनकी इस ईमानदार छवि को पार्टी विरोधी गतिविधि बताकर नोटिस जारी किया गया है।















Users Today : 36
Users Yesterday : 23