आसनसोल : पुलिस पर कथित रूप से गोली चलाकर फरार हुए आसनसोल के कुख्यात अपराधी प्रताप दास उर्फ पैंव की तलाश में गुरुवार को भी पुलिस की कार्रवाई जारी रही। बुधवार दोपहर हुई घटना के करीब 24 घंटे बाद गुरुवार दोपहर साढ़े 12 बजे तक पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें आसनसोल सहित औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के जिलों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हीरापुर थाना क्षेत्र के इस्माइल स्थित गुरु नानक पल्ली में प्रताप दास के घर पुलिस की एक टीम छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान आरोप है कि प्रताप ने पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
रातभर चली नाकाबंदी और तलाशी
बुधवार रातभर पुलिस की विभिन्न टीमों ने संभावित ठिकानों पर तलाशी ली। आसनसोल के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित औद्योगिक क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों तथा यात्रियों से पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रताप दास किस दिशा में भागा और किन लोगों ने उसे छिपने या फरार होने में सहायता की।
दूसरी ओर, इस्माइल स्थित उसके घर के सामने पुलिस पिकेट तैनात की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के लिए करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, गुरुवार दोपहर तक उनसे पूछताछ के आधार पर भी प्रताप के ठिकाने का कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला था।
कई आपराधिक मामलों में रहा है आरोपित
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रताप दास के खिलाफ आसनसोल सहित विभिन्न थानों में करीब 20 मामले दर्ज हैं। इन मामलों के सिलसिले में उसे पहले भी कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है और वह जेल में रह चुका है। बताया जा रहा है कि साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में उसकी कथित संलिप्तता की जांच के सिलसिले में पुलिस उसके घर पहुंची थी।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात पुलिस को घर में प्रवेश करने से रोकने का आरोप प्रताप के मामा बाम दास पर लगा है। बाद में पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई। पुलिस ने बाम दास को हिरासत में लिया है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप
गुरुवार को प्रताप की मां रंजना दास और पत्नी नीतू दास ने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। दोनों का आरोप है कि पुलिस परिवार को परेशान कर रही है। उनका कहना है कि अलग-अलग मामलों का हवाला देकर पुलिस पहले भी प्रताप को हिरासत में ले जाती थी और कुछ दिनों बाद वह घर लौट आता था।
परिजनों ने दावा किया कि बुधवार दोपहर प्रताप घर पर मौजूद नहीं था। ऐसे में उनके अनुसार, पुलिस पर गोली चलाने का आरोप सही नहीं है। घर की दीवार पर गोली लगने जैसा एक निशान दिखाई देने की बात भी सामने आई है, लेकिन परिजनों का कहना है कि यह निशान कुर्सी रखने के कारण बना है।
वहीं, पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक विशिष्ट शिकायत के आधार पर टीम प्रताप के घर गई थी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों और गोली चलने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
















Users Today : 6
Users Yesterday : 56