
आसनसोल : अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए नए जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्व में घोषित इस नई सूची में पश्चिम बर्द्धमान जिले के लिए नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को पुनः जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि हरेराम सिंह को चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस निर्णय के साथ पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावशाली बनाने की दिशा में स्पष्ट संकेत दिया है। नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की पुनर्नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकुशलता का सम्मान माना जा रहा है। वहीं, हरेराम सिंह को चेयरमैन बनाकर पार्टी ने एक अनुभवी नेता को संगठन की कमान सौंपी है।
तृणमूल कांग्रेस की इस नई घोषणा में अलीपुरद्वार, कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद सहित कई जिलों में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इनमें कई जिलों में दो-दो अध्यक्ष बनाए गए हैं, जिससे संगठन को क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

साथ ही पार्टी ने राज्य समिति के अतिरिक्त सदस्यों की भी घोषणा की है। इसमें समर मुखर्जी और उज्ज्वल चटर्जी को उपाध्यक्ष, अरूप चक्रवर्ती और आसिस हलदर को महासचिव बनाया गया है। सचिव पद पर अलोक चक्रवर्ती, अलोक मुखर्जी, आसित बनर्जी, चित्तरंजन मैती, हंगस्वर महतो, कल्याणेन्दु घोष, लगन डी सिंह, रबिउल आलम चौधरी, सौमेन बेलथारिया और स्वपन नंदी को नियुक्त किया गया है।

पार्टी ने अपने निवर्तमान पदाधिकारियों के योगदान के प्रति आभार जताते हुए नए नियुक्त सदस्यों को बधाई दी है और संगठनात्मक मजबूती के लिए नए सिरे से काम शुरू करने का आह्वान किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शेष जिलों में भी अध्यक्षों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।














Users Today : 0
Users Yesterday : 28