
अंडाल : पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल स्थित श्रीरामपुर पंचायत अंतर्गत कुटीरडांगा घाट पर शनिवार को स्नान के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुर्गापुर निवासी राजेश प्रसाद (21) और सोमनाथ सिंह (21) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ दुर्गापुर के धनबाद स्थित सुकांत पल्ली से अंडाल घूमने और स्नान करने के लिए आए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर लगभग एक बजे के आसपास पांचों दोस्त घाट पर पहुंचे और स्नान करने लगे। स्नान के दौरान राजेश और सोमनाथ गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथी उस समय किनारे पर बैठे थे। जब उन्होंने दोनों को डूबते देखा, तो चिल्लाकर स्थानीय लोगों को बुलाया। सूचना मिलते ही अंडाल पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों की मदद से पहले सोमनाथ और फिर राजेश को नदी से बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल अंडाल महाकुमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों के एक मित्र अभय प्रसाद ने बताया कि वे केवल स्नान के लिए अंडाल आए थे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी प्रकार का वीडियो या सोशल मीडिया के लिए रील्स नहीं बनाया जा रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने दावा किया कि युवक स्नान करते समय मोबाइल से रील्स बना रहे थे और उसी दौरान यह हादसा हुआ।

ज्ञात हो कि पिछले रविवार को भी अंडाल के रामप्रसादपुर पंचायत अंतर्गत बाउरीपाड़ा घाट पर स्नान करते समय मोहम्मद अंसार नामक 19 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई थी। इसके अलावा एक वर्ष पहले मदनपुर घाट पर रील्स बनाते समय तीन युवतियाँ नदी में गिर गई थीं, जिनमें से दो की मृत्यु हो गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर उचित सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी का घोर अभाव है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्नान घाटों पर सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और युवाओं को लापरवाही से बचने के लिए जागरूक किया जाए।














Users Today : 26
Users Yesterday : 27