
आसनसोल : शनिवार को आसनसोल के राहा लेन स्थित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 97 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन वेस्ट बंगाल तृणमूल सेकेंडरी टीचर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के कानून मंत्री मलय घटक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनके साथ आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, एमएमआईसी सुब्रत अधिकारी, टीचर्स एसोसिएशन के प्रमुख सदस्य गांधी प्रसाद नोनिया, डॉ. उदास चक्रवर्ती, मुकेश झा और विनय रजक समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

कार्यक्रम में सभी मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मंत्री मलय घटक ने इस अवसर पर कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि इतनी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हर साल उत्कृष्ट परिणाम ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े सुधार और योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ अब दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, सब्सिडी पर यूनिफॉर्म और ‘स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड’ जैसी योजनाओं ने शिक्षा को सरल और सुलभ बनाया है।

मंत्री ने इस प्रकार के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है और वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने टीएमसी और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन ने आसनसोल में शिक्षा के प्रति नई सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल कायम की।














Users Today : 26
Users Yesterday : 27