
रूपनारायणपुर : सलानपुर प्रखंड स्थित रूपनारायणपुर श्रमिक मंच में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक का आयोजन हुआ। यह बैठक सलानपुर तथा चित्तरंजन प्रखंड तृणमूल कांग्रेस की संयुक्त पहल पर आयोजित की गई। आगामी 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारी के दृष्टिगत इस बैठक में संगठन की रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और जनसंपर्क को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत माणिक उपाध्याय और पप्पू उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बैठक में बाराबनी विधायक एवं आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय, पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती, जिला तृणमूल कांग्रेस के चेयरमैन हरेराम सिंह, जिला परिषद के कर्माध्यक्ष मोहम्मद अरमान, सलानपुर प्रखंड तृणमूल उपाध्यक्ष भोला सिंह, पंचायत समिति अध्यक्ष कैलाशपति मंडल एवं सह अध्यक्ष विद्युत मिश्रा सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

बिधान उपाध्याय ने पिछली बार कमजोर प्रदर्शन करने वाले बूथों के कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रियता दिखाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कोई नेता या पदाधिकारी अपने क्षेत्र में खराब प्रदर्शन करता है तो उसे पार्टी से बाहर रहना पड़ सकता है।

जिला अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने बैठक में कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को हर हाल में जीत हासिल करनी है। सलानपुर प्रखंड में विपक्ष की जमानत जब्त कराने का लक्ष्य तय किया गया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोहल्ले-मोहल्ले जाकर जनता से संपर्क करें और तृणमूल सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा करें। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को दिशा देना और विपक्ष के प्रभाव को खत्म कर तृणमूल को जीत दिलाना रहा।














Users Today : 43
Users Yesterday : 14