
आसनसोल : दक्षिण धादका स्थित सुगम पार्क दुर्गा मंदिर परिसर में सुगम पार्क रेसिडेंसी फोरम की ओर से एक भव्य भजन संध्या व माता रानी जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भक्तों को भक्ति भाव में सराबोर करना था, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन स्थल पर गायक-गायिकाओं द्वारा प्रस्तुत मधुर और भावपूर्ण भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
प्रसिद्ध गायिका रेणु ने जब “मेरे मन में बसे हैं राम, मेरे तन में बसे हैं राम” तथा “श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में” जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत किए, तो श्रोता मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे। गायिका मीनू ने “मैया है मेरी शेरोंवाली” सहित कई लोकप्रिय देवी भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

गायक किशन कुमार यादव ने “हे दुखभंजन मारुति नंदन” तथा “नीमिया के डारी मैया” जैसे लोकभाषा में गाए गए भक्ति गीतों के माध्यम से समस्त जनमानस को भक्ति रस में डुबो दिया। उनकी प्रस्तुति से उपस्थित श्रोता भावविभोर होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भक्ति भाव व्यक्त करते दिखे।
इस आयोजन में सुगम पार्क रेसिडेंसी फोरम के सचिव एस. एन. सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित कलाकारों एवं अतिथियों को उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भगवान हनुमान की भव्य झांकी भी प्रस्तुत की गई, जो उपस्थित जनसमूह के आकर्षण का केंद्र रही।

सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को पूजा उपरांत भोग भी वितरित किया गया। आयोजन में फोरम के अध्यक्ष तापस कुमार बसु, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार राय, उपाध्यक्ष जसविंदर कौर, दिग्विजय भारती, संजीव कुमार यादव, शशि ओझा, एन. के. झा, बिमान भट्टाचार्य, संयुक्ता दे, मौमिता मजूमदार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भजन संध्या केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभूति का उत्सव बन गया, जिसने उपस्थित जनमानस को मां दुर्गा की भक्ति में लीन कर दिया।














Users Today : 1
Users Yesterday : 46