

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम की मंगलवार को आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास और नागरिक समस्याओं के समाधान को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता मेयर विधान उपाध्याय ने की। चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर वसीम उल हक, एमएमआईसी, बोरो चेयरमैन, पार्षद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।
बैठक का मुख्य फोकस हटन रोड की गंभीर समस्याओं पर रहा, जिसमें भीषण ट्रैफिक जाम और जलजमाव प्रमुख मुद्दे रहे। चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए हटन रोड से पानी को जीटी रोड तक ले जाने के लिए एक नया नाला निर्माण कार्य चल रहा है। लेकिन रास्ते के दोनों ओर फैले अवैध अतिक्रमण की वजह से यह कार्य बाधित हो रहा है।

इस संदर्भ में नगर निगम की टीम बुधवार को मेयर के नेतृत्व में हटन रोड का दौरा करेगी और अवैध रूप से दुकान चला रहे लोगों से गुरुवार तक खुद से अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया जाएगा। चेयरमैन ने यह भी स्पष्ट किया कि इन दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी ताकि किसी का आजीविका संकट में न पड़े।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बरसात से पहले नगर निगम क्षेत्र के छह प्रमुख सड़कों के निर्माण पर तेजी से कार्य शुरू किया जाएगा। मेयर विधान उपाध्याय ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण का टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू होगा। इसके अलावा, छोटे रास्तों की भी मरम्मत की जाएगी ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
गोपालपुर इलाके में हाल की बारिश के बाद हुए जलजमाव की स्थिति का उल्लेख करते हुए मेयर ने कहा कि ऐसे हालात दोबारा न बनें, इसके लिए प्रभावी योजना बनाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि निगम क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना प्राथमिकता है।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। नगर निगम द्वारा प्रस्तावित योजना के अनुसार, हटन रोड पर ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए 13 नंबर पार्किंग स्थल को ऑटो स्टैंड में बदला जाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया है ताकि उचित प्रबंधन हो सके।
नगर निगम ने यह भी निर्णय लिया कि पार्किंग व्यवस्था से होने वाली आय को नगर की विकास योजनाओं में उपयोग किया जाएगा। वहीं, जिन क्षेत्रों में आशा कर्मियों की संख्या कम है, वहां नई नियुक्तियों पर विचार किया जा रहा है।

मेयर ने कहा, “हटन रोड से अतिक्रमण हटाना हमारी प्राथमिकता है। इससे ट्रैफिक जाम और जलजमाव की समस्या दोनों का समाधान होगा।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नगर निगम की यह मुहिम किसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है।
नगर निगम का यह अभियान शहरवासियों के लिए एक बड़ी राहत बन सकता है, बशर्ते इसे सख्ती और संवेदनशीलता दोनों के साथ लागू किया जाए। आने वाले दिनों में इस कार्रवाई का प्रत्यक्ष असर हटन रोड की स्थिति में दिखाई देना शुरू हो सकता है।














Users Today : 0
Users Yesterday : 46