
आसनसोल : आगामी बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आसनसोल दक्षिण थाना द्वारा नगर निगम के आलोचना हाल में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी कौशिक कुंडू सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों और धर्मों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

इनमें महावीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा, प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी नरेश अग्रवाल, कांग्रेस नेता शाह आलम सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने बकरीद को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के अवसर पर पूर्व वर्षों की भांति तय दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम को भी इन दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जाएगा।पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने समुदायों में शांति, स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने हेतु सहयोग करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि त्योहार के दिन सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल पूरी तरह से मुस्तैद रहेगा।

इस अवसर पर अरुण शर्मा एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भरोसा जताया कि आसनसोल की गंगा-जमुनी तहजीब कायम रखते हुए इस वर्ष भी बकरीद का त्योहार सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।बैठक के दौरान नागरिकों ने यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति तथा बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव दिए। अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस एवं समाज के प्रतिनिधियों के बीच हुआ यह संवाद न केवल बकरीद के सफल आयोजन हेतु महत्त्वपूर्ण है, बल्कि इससे सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलती है। इस प्रकार की समन्वय बैठकों से विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना प्रबल होती है, जो आसनसोल जैसे बहुसांस्कृतिक शहर के लिए अत्यंत आवश्यक है।














Users Today : 43
Users Yesterday : 14