
पूर्व बर्धमान : बर्धमान के बड़शुल क्षेत्र में एक बार फिर बालू माफिया की लापरवाही ने एक निर्दोष की जान ले ली। मनमोहन डे रोड स्थित अस्पताल मोड़ के पास गुरुवार सुबह एक तेज़ रफ्तार बालू लदे ट्रक ने 64 वर्षीय बुजुर्ग शेख अख्तर को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। शेख अख्तर बड़शुल 2 अंचल के पूरब तांतखंड के निवासी थे और रोज़ की तरह साइकिल से बाजार जा रहे थे। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज़ थी कि वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हादसा हो गया।
घटना के बाद सड़क जाम, लोगों का फूटा गुस्सा
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तुरंत सड़क पर अवरोध कर दिया। ट्रकों, डंपरों और ट्रैक्टरों की आवाजाही को रोककर उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दामोदर नदी से लगातार अवैध बालू ढोने का काम हो रहा है और ट्रक बेतरतीब तरीके से रिहायशी इलाकों से गुजरते हैं, जिससे आमजन का जीवन संकट में है।

स्कूली बच्चों की जान भी खतरे में
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल खुलने के समय भी बालू ट्रांसपोर्टिंग नहीं रुकती, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराता रहता है।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर महीने ऐसे हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है।

पुलिस की कार्रवाई
शक्तिगढ़ थाना पुलिस ने घटनास्थल से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज भेजा। ट्रक को जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।जनता की प्रमुख मांगें :स्कूल समय में बालू ट्रकों की आवाजाही पर पूर्ण रोक,रिहायशी क्षेत्रों में ट्रक प्रतिबंधित हों,अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई,मृतक के परिवार को मुआवजा व एक सदस्य को नौकरी,इस दर्दनाक घटना ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या प्रशासन वास्तव में कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दब जाएगा।














Users Today : 40
Users Yesterday : 14