
सलानपुर : बर्धमान केंद्रीय सहकारी बैंक की 42वीं शाखा का शुभारंभ सलानपुर प्रखंड के रूपनारायणपुर में हुआ। इस शाखा का उद्घाटन बाराबनी विधायक एवं आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने किया। उनके साथ जिला मजिस्ट्रेट पोन्नबलम एस, पांडवेश्वर विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, जामुड़िया विधायक हरेराम सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष विश्वनाथ बाउरी, सलानपुर पंचायत समिति अध्यक्ष कैलाशपति मंडल, सह अध्यक्ष विद्युत मिश्रा और जिला परिषद के कार्यकारी निदेशक मोहम्मद अरमान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

बैंक शाखा का उद्घाटन समारोह पारंपरिक दीप प्रज्वलन और फीता काटने के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक बिधान उपाध्याय ने कहा कि बर्धमान केंद्रीय सहकारी बैंक राज्य सरकार के अधीन कार्यरत एक महत्वपूर्ण बैंक है, जो किसानों, महिलाओं, छोटे व्यवसायियों और विद्यार्थियों को कम ब्याज पर ऋण जैसी सुविधाएं प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रेरणा से यह बैंक जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने अपने क्षेत्र में इस बैंक की और शाखाएं खोलने की इच्छा भी जताई।

जिला मजिस्ट्रेट पोन्नबलम एस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह बैंक विशेष रूप से किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी है, क्योंकि यह कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा देता है। इससे न केवल ग्रामीण जनता को सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर बिधान उपाध्याय ने रूपनारायणपुर प्राथमिक विद्यालय के नए भवन और पूर्वी रंगमाटिया निम्न प्राथमिक विद्यालय में नव निर्मित शेड का भी उद्घाटन किया। साथ ही, रूपनगर स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में भी एक नए शेड का उद्घाटन हुआ। इसके अलावा, पीठाकेयारी ग्रामीण अस्पताल में सुरक्षा हेतु चारदीवारी निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
इस बहुआयामी कार्यक्रम ने क्षेत्र के लोगों में उत्साह और विश्वास की भावना पैदा की, और ग्रामीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।














Users Today : 40
Users Yesterday : 14