
दुर्गापुर : शादी की तैयारियों में व्यस्त एक परिवार के लिए उस समय संकट खड़ा हो गया जब दिनदहाड़े उनके सूने घर में दुस्साहसिक चोरी की घटना घटी। यह घटना 28 मई को दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड नंबर 20, विद्यासागर पल्ली इलाके में हुई, जब विवाह से कुछ ही दिन पहले मधुमिता पाल के घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने नकदी, बर्तन और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, और गृहस्वामिनी ने इस दुस्साहसिक वारदात की लिखित शिकायत दुर्गापुर थाना में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दुर्गापुर थाने के जोन ए चौकी प्रभारी एसआई रामजुर रहमान के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
लगातार जांच और इलाके में छानबीन के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली। 2 जून को पुलिस ने वार्ड नंबर 8 के निशान हाट झोपड़पट्टी इलाके से एक संदिग्ध व्यक्ति को चोरी के सामान के साथ धर दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं और दूसरे अभियुक्त की पहचान भी हुई। इसके आधार पर 5 जून को उसी झोपड़पट्टी इलाके से एक और व्यक्ति को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया गया।

शनिवार को इस पूरी कार्रवाई की जानकारी आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (दुर्गापुर) सुबीर रॉय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। इस अवसर पर दुर्गापुर सर्किल इंस्पेक्टर रणबीर बाग और दुर्गापुर थाना प्रभारी संजीव दे भी उपस्थित थे। एसीपी रॉय ने बताया कि चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए योजनाबद्ध तरीके से कैश, बर्तन और गहनों की चोरी की थी।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों से चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि चोरी की इस घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है, और क्या इन चोरों का किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से संबंध है।
गौरतलब है कि चोरी की यह वारदात ऐसे समय पर हुई जब पीड़ित परिवार में बेटी की शादी की तैयारियाँ चल रही थीं, जिससे पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित हुआ।

स्थानीय निवासियों ने इस चोरी की घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की और पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने यह भरोसा दिलाया है कि इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए गश्त एवं निगरानी को और अधिक सख्त किया जाएगा।
पुलिस की तत्परता और सटीक कार्यवाही की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। इस सफलता ने न केवल पीड़ित परिवार को राहत दी है, बल्कि आम जनता में भी सुरक्षा की भावना को मजबूत किया है।














Users Today : 39
Users Yesterday : 14