
आसनसोल : आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने आसनसोल शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए जिला अधिकारी को एक लिखित पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने जिले के सभी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से आगे आकर पहल करने की अपील की है।

शंभूनाथ झा ने अपने पत्र में लिखा है कि शहर की सड़कों पर अतिक्रमण इस कदर बढ़ चुका है कि आम नागरिकों को पैदल चलने तक की जगह नहीं मिल रही। फुटपाथों से लेकर मुख्य सड़कों तक दुकानों ने कब्जा कर रखा है। हालत यह हो चुकी है कि कई नालों के ऊपर भी अस्थायी दुकानें बनाई गई हैं, जिससे बारिश के दिनों में जलजमाव और बीमारी फैलने की आशंका प्रबल हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि गुरुवार को आसनसोल नगर निगम द्वारा हटन रोड में अतिक्रमण हटाने का अभियान पूरी तरह विफल रहा। इससे यह स्पष्ट होता है कि नगर निगम में इच्छाशक्ति की भारी कमी है और वह जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।

झा ने कहा कि अब आसनसोल के व्यापारी खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और व्यापारी वर्ग पलायन की स्थिति में पहुँच गया है। नगर निगम की निष्क्रियता के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नुकसान पहुँच रहा है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश के अन्य राज्यों में देखा गया है कि प्रशासनिक अधिकारी जब चाहें तो किसी भी शहर की स्थिति को बेहतर बना सकते हैं। इसी तरह आसनसोल के लोग भी अपने आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से आशा लगाए बैठे हैं कि वे हस्तक्षेप कर इस बिगड़ती व्यवस्था को सुधारें।

शंभूनाथ झा ने कहा कि आसनसोल की जनता अब नगर निगम पर भरोसा नहीं कर पा रही है। यह आवश्यक हो गया है कि जिले के शीर्ष अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरें, अतिक्रमण की जांच करें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने अंत में अपील की कि प्रशासन को जनता की पीड़ा समझनी चाहिए और त्वरित व ठोस कदम उठाकर शहर को फिर से सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना चाहिए। इस अभियान में समस्त जन-गण प्रशासन के साथ है और एक सकारात्मक बदलाव की प्रतीक्षा कर रहा है।














Users Today : 46
Users Yesterday : 14