
बर्नपुर : भारतीय आयरन एंड स्टील कंपनी लिमिटेड (IISCO) के आगामी आधुनिकीकरण कार्यों के मद्देनज़र, बर्नपुर कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन ने ठेका मज़दूरों के हित में एक ऐतिहासिक घोषणा की है। ठेका श्रमिकों की सुरक्षा, कल्याण और अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसोसिएशन ने नई कार्यकारिणी का गठन किया है और एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा योजना की भी घोषणा की है।
नई कार्यकारिणी में पी. के. ठाकुर को चेयरमैन, सैयद मोहम्मद इम्तियाज को प्रेसिडेंट और शुभदीप ठाकुर को जनरल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। इन पदाधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि वे ठेकेदारों और उनके अधीन कार्यरत श्रमिकों के हितों की रक्षा और प्रगति हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

सबसे महत्वपूर्ण घोषणा यह रही कि यदि किसी ठेका मज़दूर की मृत्यु कार्यस्थल पर होती है, तो उसके परिवार को ₹20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। एसोसिएशन ने इसे श्रमिकों के लिए सामाजिक और मानवीय दृष्टिकोण से एक ऐतिहासिक पहल बताया है।
नव-निर्वाचित नेतृत्व ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि ऐसी कोई दुर्घटना न हो, परंतु यदि कोई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति उत्पन्न होती है, तो परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। यह सहायता राशि मज़दूरों की सुरक्षा भावना को बढ़ाएगी और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी।

इसके अतिरिक्त, श्रमिकों की सुविधा और संगठनात्मक मजबूती हेतु IISCO परिसर के भीतर ही एक नया कार्यालय स्थापित किया गया है। इस कार्यालय की स्थापना पांच प्रमुख ट्रेड यूनियनों के सहयोग से की गई है। यह निर्णय मजदूरों की पहुंच और समस्याओं के त्वरित समाधान में एक मील का पत्थर साबित होगा।

प्रेसिडेंट सैयद मोहम्मद इम्तियाज ने कहा, “हम ठेकेदारों और श्रमिकों दोनों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। एकता में ही शक्ति है, और संगठित प्रयासों से ही हम अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं।”
बर्नपुर में उठाए गए ये कदम न केवल मज़दूरों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाएंगे, बल्कि औद्योगिक स्थायित्व और आपसी सहयोग को भी मजबूती देंगे।














Users Today : 46
Users Yesterday : 14