
मुर्शिदाबाद : पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिले मुर्शिदाबाद में एक बार फिर बांग्लादेशी घुसपैठ की बड़ी कोशिश को असफल करते हुए पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में आठ बांग्लादेशी नागरिक और एक भारतीय दलाल शामिल है। यह कार्रवाई रानीनगर थाना पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें दस दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ घुसपैठिए एक गाड़ी के जरिए मुर्शिदाबाद के गौरीबाग इलाके से होकर कोलकाता की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही रानीनगर थाना की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की गई, जिसके दौरान यह स्पष्ट हो गया कि इनमें से आठ व्यक्ति बांग्लादेश के निवासी हैं और उनके पास भारत का कोई वैध पहचान पत्र नहीं है। वहीं एक भारतीय नागरिक, जिसकी पहचान जमाल शेख (कातलामारी पालपाड़ा, रानीनगर) के रूप में हुई, उन्हें बांग्लादेशियों को सीमा पार कराने में मदद करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि सभी बांग्लादेशी नागरिक दलाल के माध्यम से भारत में अवैध रूप से दाखिल हुए थे और उनका अगला गंतव्य कोलकाता था। इनकी पहचान रबिउल इस्लाम (मानिकनगर, राजशाही), इद्रीश शेख और फरजाना खातून (दिघोरिया थाना, खुलना), जुलाईका बीबी (कोयरा थाना, खुलना), मिलन शेख और अनरुल शेख (कालिया थाना, नरेल जिला) के रूप में की गई है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

हाल ही में देश में बढ़ती आतंकी घटनाओं और सीमावर्ती इलाकों में अस्थिरता को देखते हुए राज्य सरकार ने निगरानी और कड़ी कर दी है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र और राज्य सरकारें पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के पुलिस-प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की आतंकी या अवैध घुसपैठ को रोका जाए।

बांग्लादेश में व्याप्त अस्थिरता के चलते सीमावर्ती जिलों विशेषकर मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर 24 परगना और मालदा में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) भी नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है। बावजूद इसके, दलालों की मिलीभगत से अवैध घुसपैठ की घटनाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल रानीनगर थाना पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं, जिससे घुसपैठ के इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।














Users Today : 44
Users Yesterday : 14