
आसनसोल : जीटी रोड के किनारे स्थित ऐतिहासिक महावीर स्थान मंदिर परिसर अब सिर्फ धार्मिक गतिविधियों का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि यह सामाजिक सेवा का एक सशक्त मंच बन चुका है। आसनसोल महावीर स्थान सेवा समिति के सहयोग से बीते कई वर्षों से यहां जरूरतमंदों के लिए विविध सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।
सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 20 वर्षों से वे इस मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आसनसोल की कई सामाजिक संस्थाएं इस मंदिर परिसर को अपने कार्यक्रमों के लिए प्राथमिकता देती हैं।

उन्होंने बताया कि मंदिर सभी के लिए खुला है और किसी भी समाजसेवी संस्था को यहां सामाजिक कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाता है। विवाह योग्य जरूरतमंद कन्याओं की शादी से लेकर चिकित्सा सहायता, वस्त्र वितरण या अन्य सेवा कार्यों में समिति सक्रिय रूप से भागीदारी निभाती है।

अरुण शर्मा ने आसनसोलवासियों से आह्वान किया कि वे आगे आएं और महावीर स्थान मंदिर परिसर में अधिकाधिक सामाजिक कार्यों में भाग लें। उन्होंने कहा कि सच्ची सेवा वही है, जिससे जरूरतमंदों का जीवन बेहतर बन सके।

महावीर स्थान सेवा समिति की सक्रियता और समर्पण ने इस मंदिर को केवल पूजा स्थल से आगे बढ़ाकर एक सामाजिक चेतना केंद्र में बदल दिया है। समिति का उद्देश्य है कि इस परिसर से निकलने वाली हर पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाए और जनहित में काम करती रहे।














Users Today : 44
Users Yesterday : 14