
दुर्गापुर : पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर स्थित कादा रोड से सटे दुर्गापुर सीमेंट वर्क्स एक बार फिर विवादों में है। स्थानीय भूमि रक्षा समिति ने फैक्ट्री पर गंभीर प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (WBPCB) में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद बोर्ड ने फैक्ट्री प्रबंधन को प्रदूषण रोकने हेतु सभी आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया है। साथ ही, फैक्ट्री को बैंक गारंटी जमा करने का आदेश भी दिया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री से निरंतर उड़ती धूल और रासायनिक तत्वों के कारण इलाके की हवा बेहद खराब हो चुकी है। इसके कारण फेफड़ों, सांस और त्वचा संबंधी बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं। भूमि रक्षा समिति के सदस्य वर्षों से इस प्रदूषण के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि फैक्ट्री द्वारा न तो प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का समुचित उपयोग किया जा रहा है और न ही कचरे के निपटान की वैज्ञानिक व्यवस्था अपनाई जा रही है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से हालांकि फैक्ट्री को प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्देश दिए गए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर कोई विशेष आदेश पारित नहीं किया गया है। इस बात से आंदोलित लोगों में नाराजगी देखी गई। उन्होंने मांग की कि बोर्ड को इलाके में स्वास्थ्य सर्वे कराकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रदूषण का आम जनजीवन पर क्या प्रभाव पड़ा है।
दुर्गापुर सीमेंट वर्क्स के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि, “हम पर्यावरण मानकों का पालन कर रहे हैं और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नए निर्देशों का भी अनुपालन करेंगे। हमारा उद्देश्य आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।”

भूमि रक्षा समिति के एक सदस्य ने कहा, “केवल चेतावनी से काम नहीं चलेगा। हमें ठोस कार्रवाई चाहिए। अगर हालात नहीं सुधरे तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे।”
स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल स्थिति पर नजर रखने की बात कही है और बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।














Users Today : 21
Users Yesterday : 14