
बर्दवान : कटवा थाना क्षेत्र के अमूल गांव में महादेव दास की हत्या की गुत्थी अब सुलझती नजर आ रही है। इस दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी मीता दास और उसके प्रेमी अभिजीत बागदी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। मीता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर लॉज में बैठकर अपने पति की हत्या की पूरी साजिश रची थी।
बताया गया है कि मीता दास का अपने पति महादेव दास से लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। इसी दौरान उसका संपर्क बीरभूम जिले के नानूर थाना क्षेत्र निवासी अभिजीत बागदी (27) से हुआ। अभिजीत एक मजदूर है और मीता से उसका प्रेम संबंध बन गया। दोनों अक्सर फोन पर संपर्क में रहते थे। पुलिस को पता चला है कि जमाईषष्ठी से एक दिन पहले मीता अपने बच्चों को लेकर अपने मायके बानाकापासी गई थी, जहां उसने अभिजीत से संपर्क साधा।

जमाईषष्ठी के दिन मीता बच्चों को मायके में छोड़कर कटवा के एक लॉज में पहुंची, जहां उसने अपने प्रेमी के साथ कुछ घंटे बिताए। इसी लॉज में मीता और अभिजीत ने महादेव की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, अभिजीत ने कार्बोलिक एसिड खरीदा और मीता को सौंपा। योजना के अनुसार, मीता ने एसिड को शराब में मिलाकर महादेव को पिलाने का निर्णय लिया।
घटना की रात मीता अपने पति और बच्चों के साथ घर पर थी। उसने पूर्व योजना के अनुसार महादेव को एसिड मिली शराब पिलाई। थोड़ी देर में महादेव की हालत बिगड़ने लगी और वह आंगन में गिर पड़ा। इसी बीच मीता ने बांस के डंडे से उसके सिर पर वार किया और जब वह अचेत हो गया, तब उसने तकिया से मुंह दबाकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद मीता ने घर में फैले खून को गोबर से पोछा और सबूत मिटाने की कोशिश की।

अगली सुबह मीता ने परिजनों को यह कहकर भ्रमित करने की कोशिश की कि महादेव की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। लेकिन जब परिजनों और पड़ोसियों ने महादेव के शरीर पर खून और चोट के निशान देखे, तो शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मीता से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मीता की निशानदेही पर पुलिस ने उसके प्रेमी अभिजीत बागदी को नानूर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने भी साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस इस मामले में हत्या, साजिश और सबूत मिटाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
इस निर्मम हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं कि किस तरह एक पत्नी ने प्रेम के अंधेपन में अपने ही पति की जान ले ली।














Users Today : 21
Users Yesterday : 14