
बर्नपुर : रेलवे टिकटों की तत्काल बुकिंग के दौरान दलालों द्वारा धोखाधड़ी और कमीशनखोरी की शिकायतों के बाद बर्नपुर रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने इस पर सख्ती से कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है। लोगों ने आरोप लगाया है कि जब उन्हें स्वयं रेलवे काउंटर या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से टिकट नहीं मिल पाता, तब तथाकथित टिकट दलाल शत-प्रतिशत कंफर्म टिकट दिलाने का दावा कर मोटी रकम वसूलते हैं।

सूत्रों की मानें तो टिकट दलालों का एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो खास सॉफ्टवेयर की मदद से कई यात्रियों की पूर्व-फीड की गई जानकारी के आधार पर चंद सेकेंड में ही टिकट बुक कर लेते हैं। यह प्रक्रिया आम यात्रियों को मिलने वाले तत्काल टिकटों की उपलब्धता को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। एक दलाल द्वारा प्रति टिकट एक हजार रुपये तक की वसूली किए जाने की खबर है।

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तत्काल टिकट बुकिंग की व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए आरपीएफ द्वारा अभियान चलाया जाएगा। टिकट दलाली पर रोक लगाने के लिए रेलवे एक विशेष रजिस्टर तैयार करेगा जिसमें तत्काल टिकट कराने आने वाले यात्रियों का पूरा विवरण अंकित किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि किसी एक व्यक्ति द्वारा बार-बार निजी आईडी का गलत इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा न किया जाए।
अधिकारी ने यह भी बताया कि कई दलाल फर्जी निजी आईडी बनाकर टिकट व्यवसाय कर रहे हैं, जो कि पूरी तरह से अवैध है। इसे रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। आम लोगों को इस बारे में सूचित किया जाएगा कि वे किसी भी परिस्थिति में दलालों के झांसे में न आएं और यदि किसी भी दलाल से संपर्क में आने की जानकारी हो, तो तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि जल्द ही आरपीएफ की विशेष टीमें स्टेशन और आसपास के साइबर केंद्रों पर नजर रखेंगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। टिकट व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और आम यात्रियों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














Users Today : 43
Users Yesterday : 14