
आसनसोल : पश्चिम बंगाल में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तिथियाँ घोषित कर दी हैं। इस बार प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी।
17 जून को दोपहर 2 बजे शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु इस केंद्रीय ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके बाद 18 जून दोपहर 2 बजे से लेकर 1 जुलाई तक छात्र-छात्राएं अपने नामांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस आवेदन प्रक्रिया के पूरा होते ही 6 जुलाई को पहली मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी और उसी दिन सीट आवंटन की जानकारी भी दी जाएगी।
प्रथम चरण के तहत 6 जुलाई से 12 जुलाई तक छात्रों को नामांकन लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद, 17 जुलाई को अपग्रेड राउंड की सीटें आवंटित की जाएंगी और 17 से 20 जुलाई तक इच्छुक छात्र इस चरण में प्रवेश ले सकेंगे।

प्रथम राउंड के प्रवेश के पश्चात 24 जुलाई से 31 जुलाई तक कॉलेज स्तर पर छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही 1 अगस्त से शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।
हालांकि, यदि पहले चरण की प्रक्रिया के बाद भी कुछ सीटें रिक्त रहती हैं तो दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया 2 अगस्त से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी। इस चरण को मॉप-अप राउंड कहा गया है, जिसमें छूटे हुए छात्रों को एक और अवसर मिलेगा।
चित्तरंजन स्थित देशबंधु महाविद्यालय के प्राचार्य त्रिदिब संतापा कुंडू ने बताया कि कॉलेज की ओर से एक “एडमिशन हेल्प डेस्क” भी स्थापित किया गया है, जहां इच्छुक छात्रों को फॉर्म भरने, दस्तावेजों के संकलन और ऑनलाइन पोर्टल के इस्तेमाल में सहायता दी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जैसे पिछले वर्ष प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही, वैसे ही इस बार भी छात्रों को बिना किसी परेशानी के नामांकन की सुविधा मिलेगी।
राज्य सरकार की यह पहल छात्रों के लिए न केवल समय की बचत करेगी बल्कि पारदर्शिता और निष्पक्षता भी सुनिश्चित करेगी। अब सभी की नजरें 17 जून को पोर्टल के लॉन्च पर टिकी हैं।














Users Today : 11
Users Yesterday : 14