
आसनसोल : पूर्व रेलवे अपने सभी स्टेशनों और रेल पटरियों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए एक समर्पित अभियान चला रहा है। खासकर भीड़भाड़ वाले उपनगरीय स्टेशनों पर यात्रियों की लापरवाही—जैसे थूकना और कूड़ा फेंकना—इस अभियान में बड़ी चुनौती बनी हुई है। बावजूद इसके रेलवे प्रशासन इस दिशा में दृढ़ संकल्पित है।रेलवे प्रशासन ने स्वच्छता को लेकर जहां एक ओर नियमित जागरूकता अभियान चलाए, वहीं दूसरी ओर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई भी की।

1 अप्रैल से 15 जून 2025 तक की अवधि में कुल 15,493 लोगों को कूड़ा फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने के आरोप में पकड़ा गया, जिनसे कुल ₹26,45,552 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।विभागवार आंकड़ों के अनुसार—हावड़ा मंडल: 3,905 व्यक्ति, ₹6,91,452 जुर्माना,सियालदह मंडल: 5,509 व्यक्ति, ₹8,98,600 जुर्माना,आसनसोल मंडल: 4,448 व्यक्ति, ₹7,63,400 जुर्माना,मालदा मंडल: 1,631 व्यक्ति, ₹2,92,100 जुर्माना । पूर्व रेलवे ने बताया कि इस मुहिम में स्वास्थ्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्टेशन स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही है। स्टेशनों पर यात्रियों को जागरूक करने के लिए पर्चे बांटे गए, पोस्टर लगाए गए और माइक से घोषणाएं की गईं।

पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ेदान का उपयोग करें, थूकने से बचें और गंदगी न फैलाएं। रेलवे ने कहा कि “स्वच्छ रेलवे” केवल अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व भी है।इस सख्त और संवेदनशील प्रयास के तहत पूर्व रेलवे ने साफ संदेश दिया है कि स्वच्छता में लापरवाही अब नहीं चलेगी।














Users Today : 9
Users Yesterday : 14