
बुदबुद : 17 जून। पूर्व बर्धमान जिले के बुदबुद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवशाला ग्राम पंचायत के कनकोरा गांव में सोमवार रात तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच पार्टी फंड में “सोलह आनार पैसे” देने को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों में शामिल शेख जसीमुद्दीन को गंभीर अवस्था में पानागढ़ ब्लॉक अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य तीन घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है। गांव में फिलहाल तनाव का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि तृणमूल के एक गुट की मांग थी कि गांव से सोलह आनार के रूप में निर्धारित राशि पार्टी फंड में अनिवार्य रूप से दी जाए। विपक्षी गुट इस मांग का विरोध कर रहा था, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो देर रात हिंसक रूप में बदल गई।घटना के चश्मदीदों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, इसके बाद अचानक लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। मौके पर उपस्थित लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो चुकी थी।घटना के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यह घटना स्पष्ट करती है

कि पार्टी के भीतर फंड के नाम पर भ्रष्टाचार और गुटबाजी चरम पर है। भाजपा नेता जाकिर हुसैन शेख ने आरोप लगाया, “पार्टी फंड के नाम पर आम लोगों से वसूली की जा रही है। विरोध करने वालों को डराया-धमकाया जा रहा है। पहले भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था, अब फिर हिंसा भड़क गई।”पुलिस सूत्रों के अनुसार, गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और संभावित उपद्रवियों पर नजर रखी जा रही है। गांव में शांति बनाए रखने की अपील की गई है।स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी जबरन पार्टी फंड देने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 9
Users Yesterday : 14