
दुर्गापुर : पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब चार मासूम बच्चे आम बेचने के लिए घर से निकले और रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। यह घटना 7 जून की सुबह की है, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है। बच्चों की उम्र 6 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है।लापता बच्चों की पहचान बीजू पासी (6), किशन पासी (10), आकाश पासी (8) और मिलन पासी (9) के रूप में हुई है। चारों बच्चे दुर्गापुर थाना अंतर्गत कुरुरिया डांग के पासी पाड़ा इलाके के निवासी हैं। परिजनों के अनुसार, ये बच्चे नियमित रूप से शहर के अलग-अलग हिस्सों से मौसमी फल खरीदकर बेनाचिति बाजार में बेचते थे। 7 जून की सुबह करीब 10 बजे वे आम बेचने के लिए निकले थे,

लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला।परिजन लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं। बच्चों के रिश्तेदार केश पासी ने बताया, “मेरे दो भाई और दो चाचा के बेटे बेनाचिति बाजार में दोपहर तक देखे गए थे। उसके बाद वे अचानक गायब हो गए। हमने हर संभव जगह खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।”घटना को लेकर पुलिस गंभीर है। एसीपी (दुर्गापुर) सुबीर रॉय ने कहा, “हम हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं।

बाजार के सीसीटीवी फुटेज, आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर तलाशी जारी है। हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही बच्चे सुरक्षित मिल जाएंगे।”हालांकि इस घटना ने स्थानीय लोगों और बाजार व्यापारियों के बीच भी दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। चार बच्चों का एक साथ लापता हो जाना सामान्य घटना नहीं मानी जा रही है। लोग आशंका जता रहे हैं कि कहीं इन्हें कोई गिरोह बहला-फुसलाकर ले तो नहीं गया।फिलहाल पुलिस की टीम ने फोटो के साथ पोस्टर और सोशल मीडिया पर अपील जारी की है और नागरिकों से बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे हर पल बच्चों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।














Users Today : 8
Users Yesterday : 14