
दुर्गापुर : पश्चिम बर्दवान जिले के विधाननगर उपजिला अस्पताल के समीप शुक्रवार सुबह से एक खून से सनी कार खड़ी होने से स्थानीय लोगों में दहशत और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया है। अस्पताल गेट के ठीक सामने, मिनी बस स्टैंड के पास उक्त कार को संदिग्ध अवस्था में देखा गया, जिसके सामने का शीशा टूटा हुआ था और चालक की सीट पर खून के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे।
घटना की जानकारी स्थानीय निवासियों को सुबह के समय हुई, जब उन्होंने कार को कई घंटों से उसी स्थिति में खड़ा पाया। जैसे ही लोगों की नजर खून से सने ड्राइवर सीट पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार न तो चलने की स्थिति में दिख रही है, और न ही आसपास किसी व्यक्ति की उपस्थिति देखी गई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि कार को किसी दुर्घटना या अपराध के बाद यहां लाकर छोड़ दिया गया हो। हालांकि, अब तक कार मालिक की पहचान नहीं हो सकी है, न ही यह स्पष्ट हुआ है कि कार अस्पताल के सामने क्यों और किसने छोड़ी।

सूचना मिलते ही विधाननगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। कार की नंबर प्लेट के आधार पर मालिक की तलाश की जा रही है और साथ ही अस्पताल के सामने स्थित सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
फिलहाल, पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है। स्थानीय लोग घटनाक्रम को लेकर भयभीत हैं और पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।














Users Today : 6
Users Yesterday : 14