
दुर्गापुर : रविवार सुबह दुर्गापुर शहर के महकमा शासक कार्यालय (एसडीओ ऑफिस) के सामने एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब दक्षिण बंगाल राज्य परिवहन निगम (SBSTC) की एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई घंटे तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना तब हुई जब एसडीओ कार्यालय के सामने सड़क पर लगे गार्डरेल को पार करने की कोशिश में बस चालक ने संतुलन खो दिया। बस सीधे डिवाइडर से टकराई और उस पर चढ़ गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को केवल हल्की चोटें आईं और कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ। यदि यह बस डिवाइडर से आगे बढ़ जाती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से बस को हटाया गया और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। प्रशासन की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
इस हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर लगे गार्डरेल काफी नजदीक-नजदीक पर लगे हुए हैं, जिससे मोड़ पर वाहन मोड़ना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इन गार्डरेल की तत्काल समीक्षा की जाए और जहां-जहां यह खतरा उत्पन्न कर रहे हैं, वहां सुधारात्मक कदम उठाया जाए।

बस चालक ने भी अपने बयान में गार्डरेल को ही हादसे की मुख्य वजह बताया। उन्होंने कहा कि मोड़ पर बस को घुमाने में दिक्कत होती है, और इसी कारण यह घटना हुई।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन से यह अपेक्षा की जा रही है कि वह सड़क अवरोधों की समुचित समीक्षा करे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचने के लिए प्रभावी कदम उठाए।














Users Today : 6
Users Yesterday : 14