
आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाना अंतर्गत डीएवी पब्लिक स्कूल की एक छात्रा बुधवार सुबह स्कूल जाते समय एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। दुर्घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे निगरानी में रखा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह दुर्घटना सड़क की बेहद खराब स्थिति के कारण हुई। जुबली मोड़ से लेकर बर्नपुर स्कोप गेट तक की सड़क को मरम्मत के नाम पर महीनों पहले खोदकर छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हैं और सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे स्कूटी, मोटरसाइकिल और साइकिल चालकों को रोज़ाना जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ता है।

स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि कई बार सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर निगम और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए और छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूल समय में ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी। यह हादसा प्रशासन की लापरवाही का एक और उदाहरण बनकर सामने आया है।














Users Today : 5
Users Yesterday : 14