
पूर्व बर्दवान : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अप जयनगर एक्सप्रेस से मोबाइल तस्करी रैकेट से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 66 महंगे एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए। यह मामला न केवल मोबाइल चोरी से जुड़ा है, बल्कि अंतरराज्यीय तस्करी रैकेट का भी खुलासा करता है, जो झारखंड से पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक मोबाइल फोन की तस्करी करता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान झारखंड के साहिबगंज ज़िले के तालझारी निवासी किशन मरांडी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मुरादाबाद से जम्मू तवी एक्सप्रेस द्वारा बर्दवान स्टेशन पर पहुंचा। स्टेशन पर पहुंचते ही वह प्लेटफॉर्म नंबर दो से अप जयनगर एक्सप्रेस में तेज़ी से चढ़ने की कोशिश कर रहा था। उसी समय आरपीएफ की टीम शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही थी। संदिग्ध व्यवहार के कारण किशन को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके बैग से आरपीएफ को 66 महंगे एंड्रॉइड फोन मिले, जिनकी कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपये आँकी गई है। पूछताछ में किशन ने स्वीकार किया कि ये सभी मोबाइल फोन चोरी के हैं और इन्हें झारखंड के पाकुर स्टेशन पर किसी व्यक्ति को सौंपना था, जिसके बदले उसे दस हज़ार रुपये मिलते। उसने यह भी बताया कि ये फोन मूलतः मालदह के कालियाचक क्षेत्र से एकत्र किए गए थे और इनकी आपूर्ति उत्तर बंगाल के विभिन्न ज़िलों और बांग्लादेश तक की जाती थी।
आरपीएफ ने तत्काल आरोपी को रेलवे पुलिस को सौंप दिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और शनिवार को उसे बर्दवान कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अब इस रैकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि रेलवे के ज़रिए चल रही मोबाइल तस्करी पर अब सख्ती से नजर रखी जा रही है और अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।














Users Today : 5
Users Yesterday : 14