
आसनसोल : हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर शनिवार, 29 जून की सुबह एक दर्दनाक हादसे में आठ भैंसों की जान चली गई। यह घटना रूपनारायणपुर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर झारखंड चेक पोस्ट के निकट घटी, जहां सुबह करीब 11:30 बजे सुपरफास्ट अकाल तख्त एक्सप्रेस की चपेट में आकर भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना पोल संख्या 233/23 और 233/27 के बीच हुई, जब ट्रेन चित्तरंजन की ओर बढ़ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ भैंसों के पेट में पल रहे बच्चे भी बाहर आ गए और दृश्य अत्यंत हृदय विदारक बन गया। घटना के बाद ट्रैक पर क्षत-विक्षत शवों और खून का दृश्य देख लोग सिहर उठे।

घटना की जानकारी मिलते ही रूपनारायणपुर और विद्यासागर एपीआई तथा सीतारामपुर आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य में जुट गईं। शवों को हटाकर और ट्रैक की सफाई कर एक घंटे बाद अप लाइन पर यातायात को बहाल किया गया।

इस हादसे में ट्रेन से कटे अंगों की वजह से रेलवे ट्रैक के किनारे लगे कुछ बिजली के डिब्बे भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हुईं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ये भैंसें पास के कानगोई गांव की थीं जिन्हें हर सुबह घास चरने के लिए छोड़ा जाता था। लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि आज यह सामान्य दिन इतना भयानक अंत लेकर आएगा।














Users Today : 5
Users Yesterday : 14