
कुल्टी : कुल्टी क्षेत्र स्थित बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की दामगरिया कोयला खदान में अवैध उत्खनन की एक और कोशिश को समय रहते विफल कर दिया गया है। शुक्रवार को बीसीसीएल के अधिकारियों ने सीआईएसएफ और कुल्टी थाना की चौरंगी पुलिस की संयुक्त सहायता से खदान परिसर में खुदे सात अवैध गड्ढों को भर दिया।इस संबंध में दामगरिया परियोजना अधिकारी धर्मेंद्र तिवारी ने जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों से दामगरिया कोयला खदान क्षेत्र के आसपास कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कोयले का उत्खनन करने की कोशिश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को छापेमारी की गई, जिसके बाद सात अवैध गड्ढों को पहचान कर तत्काल भर दिया गया।

उन्होंने बताया कि यह प्रयास बीसीसीएल की संपत्ति की सुरक्षा के लिए किए जा रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।परियोजना अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन की घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लिए एक विशेष निगरानी समिति का गठन किया गया है। यह समिति निरंतर क्षेत्र की निगरानी करती है और समय-समय पर संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करती है। उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर 2023 से अब तक कुल 32 अवैध खनन स्थलों को सील कर उन्हें मिट्टी से भरा जा चुका है।इसके अलावा, छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित कोयला भी जब्त किया गया है।

धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि बीसीसीएल किसी भी हाल में खनिज संपदा की लूट और सरकारी नुकसान को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय प्रशासन और सीआईएसएफ की सक्रियता के कारण अवैध खनन पर लगाम लगाने में सफलता मिल रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि यह लड़ाई अब भी जारी है और निगरानी तथा कार्रवाई भविष्य में भी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी।यह कार्रवाई बीसीसीएल की संपत्ति की रक्षा और स्थानीय पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।














Users Today : 4
Users Yesterday : 14