
आसनसोल : पिछले कुछ दिनों से झारखंड में लगातार हो रही हल्की बारिश का असर अब दामोदर घाटी क्षेत्र पर भी दिखने लगा है। बारिश के चलते मैथन और पंचेत जलाशयों का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा था। जलस्तर के बढ़ते रुझान को देखते हुए दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए दोनों बांधों से पानी छोड़ने का निर्णय लिया।

शनिवार को डीवीसी द्वारा मैथन जलाशय से करीब 10,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि पंचेत जलाशय से लगभग 30,000 क्यूसेक पानी नदी में प्रवाहित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और जलाशयों में जलस्तर नियंत्रण में है। यह जल निकासी पूरी तरह से पूर्व निर्धारित योजना और सुरक्षा मापदंडों के अनुसार की गई है।डी

वीसी के अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी तरह की बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना नहीं है, लेकिन नदियों के किनारे बसे क्षेत्रों में जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क कर दिया गया है।
मैथन और पंचेत बांध के आस-पास के इलाकों के स्थानीय निवासियों को सूचित कर दिया गया है कि वे नदी के किनारे जाने से बचें और बच्चों को खासकर पानी के पास न भेजें।

डीवीसी अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में जलाशयों में जलसंग्रहण की पर्याप्त क्षमता है और यदि बारिश की तीव्रता और बढ़ती है, तो आवश्यकता अनुसार और अधिक पानी छोड़ा जा सकता है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
स्थानीय प्रशासन ने भी जल निकासी की प्रक्रिया की पुष्टि करते हुए कहा है कि किसी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है। पंचायतों और नगर निकायों को निर्देश दिया गया है कि वे नदी किनारे के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें और आम जनता को जागरूक करें।














Users Today : 4
Users Yesterday : 14