
अंडाल : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय सौरव घोष के रूप में हुई है, जो कांकसा थाना क्षेत्र के शीश घाटी, आरा मोड़ के निवासी थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे सौरव घोष अपनी बाइक से दुर्गापुर से आसनसोल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे काजोरा ओरलपूल के पास पहुंचे, उनकी बाइक एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सौरव बाबू बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इस क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों को लेकर पुलिस और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की।पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है, और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद सौरव घोष के परिवार में मातम का माहौल है।

परिजन बेसुध हैं और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने हाईवे पर स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।














Users Today : 4
Users Yesterday : 14