
बर्नपुर : आगामी 21 जुलाई को मनाए जाने वाले शहीद दिवस को सफल बनाने के उद्देश्य से आसनसोल साउथ टाउन ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस की ओर से रविवार को एक भव्य महारैली का आयोजन किया गया। यह रैली बर्नपुर त्रिवेणी मोड़ से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, बारी मैदान, हीरापुर थाना होते हुए बर्नपुर बस स्टैंड तक पहुँची, जहाँ यह एक जनसभा में तब्दील हो गई। इस रैली का नेतृत्व पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री मलय घटक ने किया। उनके साथ आईएनटीटीयूसी के जिला अध्यक्ष अभिजीत घटक, ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष अनूप कुमार माजी, तृणमूल हिंदी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सिंटू भुईयां, बोरो चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार, पार्षद गुरमीत सिंह, अशोक रूद्र, कहकशां रियाज़, श्रावणी विश्वास, समित माजी, मीना कुमारी हांसदा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

21 जुलाई का ऐतिहासिक महत्व
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने कहा कि 21 जुलाई बंगाल की राजनीति का अहम दिन है। यह वह तारीख है जब 1993 में कांग्रेस नेता ममता बनर्जी के नेतृत्व में एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में 13 निर्दोष कार्यकर्ता शहीद हो गए थे। उस प्रदर्शन का उद्देश्य चुनावों में फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र को अनिवार्य करना था।
इस घटना ने बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक मोड़ ला दिया और बाद में तृणमूल कांग्रेस ने इसे शहीद दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। मंत्री ने कहा, “हमारी पार्टी हर साल उन शहीदों की स्मृति में यह दिन मनाती है और उनकी कुर्बानी को सलाम करती है।”

धर्मतला चलो अभियान को मिलेगा समर्थन
आसनसोल साउथ टाउन ब्लॉक अध्यक्ष अनूप कुमार माजी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आह्वान पर 21 जुलाई को धर्मतला चलो अभियान को सफल बनाने के लिए यह रैली आयोजित की गई है। यह सिर्फ रैली नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संकल्प है कि लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर हमारी लड़ाई जारी रहेगी। आईएनटीटीयूसी जिला अध्यक्ष अभिजीत घटक ने कहा कि आगामी शहीद दिवस में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं में उत्साह और जागरूकता का संचार हुआ है।
हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी
रैली में विभिन्न वार्डों के वार्ड अध्यक्ष, महिला कार्यकर्ता, युवा मोर्चा, और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। झंडों, नारों और ढोल-नगाड़ों के साथ बर्नपुर की गलियां तृणमूल कांग्रेस के रंग में रंग गईं।रैली ने यह संदेश दिया कि 21 जुलाई को धर्मतला में होने वाला शहीद दिवस कार्यक्रम एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें बंगाल भर से कार्यकर्ता जुटेंगे।














Users Today : 14
Users Yesterday : 16