
आसनसोल : आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के रासडांगा सुमथपल्ली इलाके में एक रहस्यमय घटना ने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया है। मंगलवार को एक वृद्धा का शव उसके घर से संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया, जबकि घर में मौजूद तीन पालतू कुत्तों की भी मौत हो चुकी थी। वहीं वृद्धा का बेटा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतका की पहचान जुथिका दास के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति उसका बेटा अरविंद दास है। घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल साउथ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौका-ए-वारदात का मुआयना किया। इसके बाद डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास और एसीपी विश्वजीत नष्कर भी घटनास्थल पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच प्रक्रिया आरंभ की।

प्रारंभिक अनुमान है कि यह मामला आर्थिक लेनदेन या पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। अरविंद दास को गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पड़ोसियों के अनुसार, यह परिवार सामान्य रूप से शांति से रहता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से घर में कुछ असामान्य गतिविधियां देखी गई थीं। खासकर सोमवार की रात से ही घर का दरवाज़ा बंद और सन्नाटा पसरा हुआ था।

तीनों कुत्तों की भी एक साथ मौत होना इस घटना को और भी रहस्यमयी बना रहा है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घर को सील कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस हर पहलु से मामले की छानबीन कर रही है, जिसमें जहर देकर हत्या, आत्महत्या या हमला जैसे बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भय और आशंका का माहौल है। रासडांगा की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है और लोग इसके वास्तविक कारण जानने को उत्सुक हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 14
Users Yesterday : 16