
आसनसोल : मंगलवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में आंतरिक प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने हेतु कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया गया। कमिश्नरेट से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आसनसोल दक्षिण थाना के अंतर्गत आने वाले साउथ पुलिस पोस्ट (पीपी) के प्रभारी इंस्पेक्टर शीतल नाग को उनके वर्तमान पद से हटाते हुए सीपी मुख्यालय में ओसी पीजी सेल के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
उनके स्थान पर अमरनाथ दास को नई जिम्मेदारी दी गई है। अब वे ओसी पीजी सेल से स्थानांतरित होकर साउथ पीपी के प्रभारी के रूप में अपनी नई भूमिका निभाएंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव प्रशासनिक दृष्टिकोण से किया गया है ताकि पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा परिणामदायक हो सके।

इसके अतिरिक्त, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) स्तर के तीन अधिकारियों तथा एक महिला कांस्टेबल का भी तबादला किया गया है। इस संबंध में मंगलवार को डीसीपी स्तर से आदेश जारी किया गया।
तबादले के तहत कंट्रोल रूम से एएसआई सुजीत कुमार चौधरी को स्थानांतरित करते हुए आसनसोल कोर्ट पीपी कार्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उखड़ा आउटपोस्ट (ओपी) में कार्यरत देबदुलाल माजी को कंट्रोल रूम में स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा लाइन में कार्यरत एएसआई शेख नसीरूद्दीन को उखड़ा ओपी में भेजा गया है।

महिला कांस्टेबल सुतपा घोष का तबादला भी इस फेरबदल में शामिल है। उन्हें पुलिस लाइन से हटाकर अब आसनसोल कोर्ट पीपी कार्यालय में तैनात किया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस प्रकार के स्थानांतरण आदेश समय-समय पर सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत जारी किए जाते हैं, ताकि विभागीय कार्य कुशलता को बनाए रखा जा सके और विभिन्न पुलिस इकाइयों में अनुभव साझा कर सेवा की गुणवत्ता को बेहतर किया जा सके।














Users Today : 11
Users Yesterday : 16