
आसनसोल : पूर्व रेलवे में मार्च 2025 एवं जून 2025 को समाप्त होने वाली तिमाही की क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की संयुक्त बैठक अपर महाप्रबंधक महोदय श्री शीलेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में दिनांक 28.07.2025 को संपन्न हुई। इस बैठक का आयोजन पूर्व रेलवे मुख्यालय, फेयरली प्लेस में महाप्रबंधक के नए सभाकक्ष में किया गया। बैठक में सभी विभागाध्यक्षों ने भाग लिया। हावड़ा, सियालदह, आसनसोल, एवं मालदा मंडलों तथा लिलुआ, कांचरापाड़ा एवं जमालपुर कारखानों के समिति सदस्य वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक से जुड़े।

समिति के पदेन सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ मधुसूदन दत्त पूर्व रेलवे के प्रधान कार्यालय में पदस्थापित होने के पश्चात् अपनी पहली क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य सचिव के रूप में बैठक का संचालन किया।

उन्होंने पूर्व रेलवे मुख्यालय में अपर महाप्रबंधक श्री शीलेन्द्र प्रताप सिंह को उनके अत्यधिक व्यस्तता के बावजूद इस बैठक की अध्यक्षता करने और हिंदी को मुख्य धारा में शामिल करने के लिए धन्यवाद दिया। मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर श्री देवेन्द्र कुमार ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि हिंदी फाइल न केवल हार्ड कॉपी के रूप में बल्कि ई-माध्यम से भी प्रयोग में लाया जाए। ई-फाइल में छोटे से छोटे हिंदी शब्दों का प्रयोग करें। उद्घाटन पट्टिका में भी हिंदी का प्रयोग किया जाना अनिवार्य है जिससे हिंदी के प्रति लोगों में रूचि आए।अपर महाप्रबंधक महोदय ने कहा कार्यालय के कार्यों में सरल एवं सहज हिंदी भाषा का प्रयोग करें तथा हिंदी विभाग द्वारा बनाई गई हिंदी टेम्पलेट का प्रयोग करें। इन छोटे-छोटे टेम्पलेट में कम से कम हिंदी शब्दों को कट-पेस्ट के माध्यम से प्रयोग करें अथवा हिंदी फोनेटिक्स में टाइप करें। रेलवे के एचआरएमएस में भी कर्मचारियों के नाम, छुट्टी आवेदन आदि में हिंदी का प्रयोग करें। इससे हिंदी का प्रयोग प्रसार भी बढ़ेगा।

वर्ष 2025 की क्षेत्रीय स्तर पर हिंदी निबंध लेखन, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन तथा हिंदी वाक् प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त सभी मंडल एवं कारखानों से आए विजेता कर्मचारियों एवं तीन प्रेरणा पुरस्कार सह कुल 18 विजेताओं को अपर महाप्रबंधक महोदय ने पुरस्कार से सम्मानित किया जिनमें प्रमाण-पत्र एवं धनराशि शामिल है। इसके अलावा अपर महाप्रबंधक महोदय ने 6 कर्मचारियों को व्यक्तिगत नकद पुरस्कार- आधार वर्ष 2021 भी प्रदान किए।

अपर महाप्रबंधक महोदय ने पूर्व रेलवे मुख्यालय द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका प्रतिबिंब की जनवरी – जून 2025 संयुक्त अंक का विमोचन किया। समिति के सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ मधुसूदन दत्त ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की समाप्ति की घोषणा की।














Users Today : 8
Users Yesterday : 16