
आसनसोल : सोमवार को आसनसोल-शिल्पांचल की राजनीति उस वक्त गरमा गई जब बर्नपुर इस्पात कारखाने के ट्रेनिंग सेंटर में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद अशोक रुद्र द्वारा हिंदी भाषी कर्मचारियों को कथित धमकाने का मामला तेजी से तूल पकड़ गया। इस पूरे विवाद का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हिंदीभाषी समाज में गहरा आक्रोश फैल गया। इतना ही नहीं, खुद तृणमूल की श्रमिक इकाई INTTUC ने भी पार्षद के खिलाफ सार्वजनिक बयान जारी कर पार्टी में मतभेद उजागर कर दिए हैं।
क्या है पूरा विवाद?
सूत्रों के अनुसार, रविवार को पार्षद अशोक रुद्र ने सेल बर्नपुर के ट्रेनिंग सेंटर पहुंचकर वहां कार्यरत हिंदी भाषी कर्मियों को “बाहरी” कहा और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाया। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे कथित तौर पर हिंदी भाषियों को “बर्दाश्त नहीं करने” जैसी बातें कहते सुने जा सकते हैं। मामला सामने आते ही हिंदीभाषी समाज के नेताओं में तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई।

हिंदीभाषी समाज का विरोध
सोमवार को मदन चौबे, ओमनारायण, चंद्रेश पांडे सहित कई प्रमुख हिंदीभाषी नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर अशोक रुद्र पर समाज को बांटने और क्षेत्रवाद को हवा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बर्नपुर जैसे औद्योगिक शहर में भाषा के आधार पर भेदभाव करने की कोशिश बेहद शर्मनाक है। यह लोकतांत्रिक और समावेशी भावना के खिलाफ है।”
INTTUC ने भी किया विरोध
पार्टी के भीतर ही इस मुद्दे पर दरार साफ दिखने लगी जब तृणमूल श्रमिक संगठन INTTUC के वरिष्ठ नेता राजू अहलूवालिया ने भी अशोक रुद्र के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा, “श्रमिकों की बात करने का अधिकार श्रम मंत्री मलय घटक और INTTUC के पास है, किसी पार्षद का नहीं। उनका काम विकास कार्य देखना है, न कि श्रमिकों को धमकाना।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि “बर्नपुर की मिट्टी में हमेशा भाईचारा रहा है, इसे कोई नेता तोड़ नहीं सकता।”
शांति और सौहार्द पर खतरा
यह मामला केवल राजनीतिक नहीं, सामाजिक सौहार्द का भी है। आसनसोल-बर्नपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में दशकों से बंगाली, बिहारी, झारखंडी, ओडिया, पंजाबी समेत सभी भाषाओं और समुदायों के लोग एक साथ रहकर उद्योग को चलाते रहे हैं। अब जब कोई नेता भाषा या क्षेत्र के नाम पर भेदभाव की राजनीति करता है, तो यह केवल वोट बैंक के लिए नहीं, सामाजिक ताने-बाने के लिए भी खतरनाक हो जाता है।
जनता की मांग – हो सख्त कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर मानते हुए प्रशासन से मांग की है कि:इस मामले की निष्पक्ष जांच हो,अशोक रुद्र को तत्काल पार्टी से निलंबित किया जाए,और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वालों पर कानूनी कार्यवाही हो।
क्या कहती है तृणमूल कांग्रेस?
अब सवाल यह उठता है कि क्या तृणमूल कांग्रेस अपने ही नेता के खिलाफ कोई कठोर कदम उठाएगी? क्या पार्टी नेतृत्व सामाजिक समरसता को प्राथमिकता देगा या बयानबाजी को नजरअंदाज कर देगा?

राजनीतिक विश्लेषकों की राय
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना ने तृणमूल के अंदर गहरी फूट को उजागर कर दिया है। यदि पार्टी इस मामले को गंभीरता से नहीं लेती, तो इससे ना केवल पार्टी की छवि को नुकसान होगा बल्कि श्रमिक समाज में असंतोष भी गहराएगा।
संवेदनशील समय में संवेदनशीलता की ज़रूरत
ऐसे समय में जब देश भर में क्षेत्रवाद और भाषा आधारित राजनीति चिंता का विषय बनी हुई है, इस प्रकार की घटनाएं स्थिति को और जटिल बना सकती हैं। समाज को बांटने की राजनीति को रोका जाना अत्यंत आवश्यक है। यह विवाद केवल एक नेता के बयान का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, राजनैतिक ज़िम्मेदारी और लोकतांत्रिक मर्यादा का सवाल बन गया है। अब सबकी निगाहें तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और जिला प्रशासन पर हैं कि वे इस मसले को कैसे संभालते हैं।














Users Today : 7
Users Yesterday : 16