
आसनसोल : शुक्रवार को डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम ऑफ इंडिया (डिफी) ने अपने सदस्यों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के कॉर्पोरेट ऑफिस में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में डिफी का एक प्रतिनिधिमंडल डायरेक्टर फाइनेंस डॉ. अशोक कुमार पांडा, ईडी-एचआर बी.एस. पोपली और सीजीएम-एचआर हरिमोहन झा समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से मिला और डिप्लोमा अभियंताओं के करियर विकास से जुड़े मुद्दे रखे।
डिफी के जनसंपर्क सचिव गौरव शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में कई प्रमुख मांगें प्रस्तुत कीं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण थी डिप्लोमा अभियंताओं को ‘सेक्शन इंजीनियर’ पदनाम देने की मांग। फोरम का कहना है कि इससे उनके कार्य की स्पष्ट पहचान होगी और मनोबल में वृद्धि होगी।

इसके अलावा ईओ प्रमोशन पॉलिसी में संशोधन की मांग भी की गई। वर्तमान नीति के अनुसार स-6 ग्रेड में 6+5 वर्षों के बाद पदोन्नति मिलती है, जबकि डिफी ने इसे घटाकर केवल स-6 ग्रेड में करने का अनुरोध किया। साथ ही, बी.टेक डिग्री धारक अभियंताओं को भी समान पात्रता देने की मांग की गई, ताकि युवा डिप्लोमा अभियंताओं को अधिकारी वर्ग में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
बैठक में डिप्लोमा अभियंताओं द्वारा बी.टेक करने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की भी मांग रखी गई। फोरम ने कहा कि वर्तमान में रेगुलर बी.टेक की लागत एएमआईई (AMIE) से कहीं अधिक है। ऐसे में प्रोत्साहन राशि बढ़ने से अधिक अभियंता उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे।
डिफी प्रतिनिधियों ने प्रबंधन द्वारा अब तक दी गई सहयोगात्मक नीतियों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा जताई कि इन नई मांगों को भी जल्द पूरा किया जाएगा। गौरतलब है कि डिफी वर्षों से डिप्लोमा अभियंताओं के उत्थान के लिए संघर्षरत है और इसके प्रयासों से पहले भी सेल में ‘जूनियर इंजीनियर’ पदनाम की शुरुआत हुई थी।

इस बैठक में विभिन्न इकाइयों से प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें डीएसपी से नंदकिशोर घोष वैराग्य, गौरव शर्मा; बीएसपी से राजेश शर्मा और तारकेश्वर; बोकारो से संदीप कुमार; आईएसपी से लब कु. मन्ना, गौतम नंदी, मीर मुशर्रफ अली तथा आरएसपी से तन्मय कुमार समल मौजूद रहे।
बैठक के अंत में डिफी ने स्पष्ट किया कि वे पदनाम संशोधन और प्रमोशन नीति सुधार के मुद्दों पर प्रबंधन से लगातार संवाद जारी रखेंगे, ताकि डिप्लोमा अभियंताओं को बेहतर करियर ग्रोथ और समान अवसर मिल सके।














Users Today : 5
Users Yesterday : 16