
आसनसोल : शनिवार को आसनसोल स्थित बीबी कॉलेज के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा। कॉलेज में एक अत्याधुनिक सेंट्रल कंप्यूटर लैब और करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम और कानून मंत्री मलय घटक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उनके साथ कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमिताभ बासु सहित अन्य शिक्षकगण और गवर्निंग बॉडी के सदस्य भी मौजूद रहे।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है, बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के लिए भी सशक्त बनाना है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रिंसिपल डॉ. अमिताभ बासु ने कहा, “आज हमारे कॉलेज के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण है। यह नई कंप्यूटर लैब हमारे छात्रों के लिए आधुनिक तकनीक के द्वार खोलेगी। विशेष रूप से वे छात्र जो बैंक, रेलवे, एसएससी और अन्य सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें अब ऑनलाइन कोचिंग, डिजिटल स्टडी मटेरियल और टेस्ट सीरीज की सुविधा यहीं कॉलेज परिसर में मिलेगी।”डॉ. बासु ने आगे कहा कि केवल डिग्री प्रदान करना ही हमारा उद्देश्य नहीं है,

बल्कि छात्रों को जीवन और नौकरी की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी हमारी प्राथमिकता है। इस काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के माध्यम से छात्रों को करियर संबंधी मार्गदर्शन, साक्षात्कार की तैयारी और रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज प्रशासन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई में भी मदद करेगा। लैब के साथ-साथ एक विशेष स्टडी सेक्शन बनाया गया है, जहां से जरूरतमंद छात्रों को मुफ्त किताबें, नोट्स और संसाधन प्रदान किए जाएंगे।मंत्री मलय घटक ने उद्घाटन के बाद लैब का निरीक्षण किया और कॉलेज की गवर्निंग बॉडी तथा शिक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने बीबी कॉलेज के इस आधुनिक पहल की सराहना करते हुए कहा, “यह पहल न केवल शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगी, बल्कि छात्रों को आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुखी बनाएगी। सरकार का उद्देश्य भी यही है कि हर छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और करियर का सही मार्ग मिले।”बैठक में कॉलेज के भविष्य की योजनाओं, आधारभूत ढांचे के विकास, शिक्षण पद्धति के नवाचार और छात्रों की आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कॉलेज को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।यह पहल न केवल बीबी कॉलेज के छात्रों के लिए बल्कि पूरे आसनसोल शैक्षणिक क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन सकती है। ऐसे प्रयासों से शिक्षा का स्तर ऊंचा उठेगा और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिलेगा।














Users Today : 5
Users Yesterday : 16