
आसनसोल : शहर में अनधिकृत पार्किंग पर अब ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार को जीटी रोड पर स्थित शनि मंदिर के समीप रिलायंस फ्रेश शोरूम के सामने अवैध रूप से खड़ी एक मालवाहक ट्रक के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह ट्रक लंबे समय से मुख्य मार्ग पर खड़ा था, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी।
मौके पर पहुंचे ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने ट्रक को तत्काल हटाने का निर्देश देते हुए चालान काटा और जुर्माना लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी भारी वाहन जब सड़कों पर घंटों खड़ी रहती हैं तो न केवल ट्रैफिक बाधित होता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की भी आशंका बनी रहती है।
गौरतलब है कि आसनसोल-दुर्गापुर ट्रैफिक पुलिस विभाग इन दिनों सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चला रहा है। यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है ताकि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो सके और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है, जिससे न केवल आमजन परेशान होते हैं, बल्कि आपात सेवाओं की गति भी प्रभावित होती है। ऐसे में नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाना जरूरी हो गया है।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि शहर की सड़कें सुगम और सुरक्षित बनी रहें।
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।














Users Today : 3
Users Yesterday : 16