
बराकर : कुल्टी विधानसभा अंतर्गत सांकतोड़िया स्थित ईसीएल मुख्यालय में कार्यरत सौ से अधिक ठेका श्रमिकों के लिए सोमवार को राहत भरी खबर सामने आई। लंबे समय से बकाया बोनस की मांग को लेकर आंदोलनरत इन श्रमिकों को अब दुर्गा पूजा से पहले बोनस मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
भाजपा के आसनसोल जिला संगठन उपाध्यक्ष अभिजीत आचार्य पिछले छह महीनों से इन श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। सोमवार को उन्होंने ईसीएल के महाप्रबंधक पुण्यदीप भट्टाचार्य के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में ठेका श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया।
भाजपा नेता अभिजीत आचार्य ने जानकारी दी कि बैठक में उन्होंने श्रमिकों के बकाया बोनस भुगतान को लेकर स्पष्ट मांग रखी। इसके बाद ईसीएल अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया और 15 दिनों के भीतर सभी योग्य ठेका श्रमिकों को बोनस भुगतान का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि यह बोनस भुगतान दुर्गा पूजा से पहले किया जाएगा, जिससे श्रमिकों के घरों में खुशहाली आ सकेगी। अभिजीत आचार्य ने कहा कि ठेका श्रमिकों की लगातार उपेक्षा के विरुद्ध उन्होंने आवाज उठाई थी और अब यह संघर्ष रंग लाया है।

स्थानीय श्रमिकों में इस खबर के बाद खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी ने भाजपा नेता के प्रयासों की सराहना की और भरोसा जताया कि भविष्य में भी उनके हितों के लिए इसी प्रकार संघर्ष किया जाएगा।
यह उपलब्धि न केवल श्रमिकों की जीत है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अगर नियमानुसार और निरंतर दबाव डाला जाए, तो सरकारी और अर्धसरकारी संस्थान भी मजदूरों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने को मजबूर हो सकते हैं।














Users Today : 3
Users Yesterday : 16